इलाके में नकाबपोशों ने गांव चोहड़ा व रूड़की खास में शराब ठेकों पर धावा बोलकर पिस्तौल के बल पर लूट की वारदातों को अंजाम दिया। लुटेरों ने एक ठेके पर सेल्समैन पर गोली चलाई तो दूसरे पर पिस्तौल के बट से सेल्समैन के सिर पर हमला किया। दोनों वारदातों सायं साढ़े 7 बजे के बाद की हैं।
पहले मामले में गांव चौहड़ा के शराब के ठेके पर सेल्समैन मनप्रीत सिंह निवासी चंदयाणी, थाना बलाचौर जिला नवांशहर मौजूद था। इस दौरान दो बाइक पर आए दो नकाबपोश ठेके के भीतर दाखिल हो गए और गोली दाग दी। सेल्समैन मनप्रीत सिंह जान बचाने के लिए काउंटर के नीचे घुस गया। नकाबपोश ठेके के कैश बॉक्स में पड़े करीब 14 हजार रूपये निकाल कर भाग गए। इसके कुछ समय बाद गांव रुड़की खास में लुटेरों ने पिस्तौल के हत्थे से सेल्समैन राम निवासी झंडूपुर थाना बलाचौर जिला नवांशहर के सिर पर वार किया और करीब 11 हजार रुपये कैश बॉक्स से निकाल कर फरार हो गए। दोनों लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले युवक एक ही होने का अंदेशा है। एसएचओ गढ़शंकर ने बताया कि लूट की घटनाएं हुई हैं और उनकी जांच की जा रही है।