फिरोजपुर। रिश्तेदार से लिए पैसे नहीं लौटाकर पांच लोगों ने 44 लाख की ठगी है। थाना लक्खोके बहराम पुलिस ने वीरवार को पीड़िता गुरदयाल कौर (65) के बयान पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़िता गुरदयाल कौर वासी गांव बूटर थाना लक्खोके बहराम, जिला फिरोजपुर ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसके रिश्तेदार हैं और उनके घर काफी आना-जाना था। गुरदयाल ने बताया कि आरोपी गुरमीत सिंह, गुरदेव सिंह, हरप्रीत सिंह, जगसीर सिंह व प्रभजोत सिंह वासी कोहर सिंह वाला को उसके घर संबंधी पूरी जानकारी थी। आरोपी ये भी जानते थे कि गुरदयाल कौर की फसल और धनराशि बैंक में कितनी जमा है। आरोपियों ने बिजनेस में पैसा लगाने की बात कह कर गुरदयाल कौर से 44 लाख रुपये की मांग की।
ये भी कहा कि बैंक की ब्याज वे समय पर देते रहेंगे। रिश्तेदारी और जान पहचान के चलते गुरदयाल कौर ने आरोपियों को 44 लाख रुपये दे दिए। निश्चित समय के बाद जब पीड़िता ने आरोपियों से अपनी धनराशि मांगी तो टालमटोल करने लगे। मामले को पीड़िता पंचायत के समक्ष लेकर गई तो वहां भी आरोपियों ने धनराशि लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी। जांच कर रहे एएसआई शिंगारा सिंह के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस छापे मार रही है। जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा।