फिरोजपुर। पुलिस ने सीमांत गांव अलीके के पास बहते सतलुज दरिया के टापू पर दबिश देकर 23 हजार लीटर कच्ची दारू पकड़ी है। टापू में गड्ढा कर तिरपालों में भर कर कच्ची दारू रखी गई थी। पुलिस ने 23 तिरपालें भी बरामद की हैं। थाना सदर पुलिस ने वीरवार को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक सीआईए स्टाफ के मुलाजिम सीमांत गांव अलीके में गश्त कर रहे थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि गांव अलीके पास बहते सतलुज दरिया के टापू में भारी मात्रा में कच्ची दारू तैयार कर छिपाकर रखी हुई है। आरोपी कच्ची दारू को वहां से दरिया के बांध पर लाकर बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने किश्ती के माध्यम से टापू पर दबिश दी। पुलिस टीम ने टापू पर गड्ढे करके 23 तिरपालों में कच्ची दारू भर कर रखी गई 23 हजार लीटर कच्ची दारू बरामद की। टीम कच्ची दारू को दरिया से बाहर लाई और जमीन में गड्ढा खोद कर दारू को नष्ट कर दिया। बरामद 23 तिरपालों को थाने के माल गोदाम में जमा करवा दिया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई रत्तन सिंह के मुताबिक अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के बारे में सुराग लगाया जा रहा है।