टांडा (रामपुर)। मुरादाबाद क्षेत्र निवासी मजदूर बाइक पर टांडा से अपने घर वापस जा रहा था। इस दौरान कोतवाली क्षेत्र में एक वाहन उसे रौंदते हुए निकल गया। हादसे में बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने परिजन की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मुरादाबाद जिले के ग्राम ढिलियादान थाना भगतपुर निवासी सुरेश पुत्र मेवाराम (35) टांडा आकर मजदूरी करता था। रोज की भांति गुरुवार शाम करीब सात बजे वह टांडा से अपने घर बाइक पर जा रहा था। जब सुरेश नगर से सटे ग्राम बादली पुल के आगे मौजूद पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तभी किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में सुरेश की मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार बाइक सवार हेलमेट लगाए हुए था।
हादसे की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस से अज्ञात चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने सुरेश के साले दीपू निवासी ग्राम धीरजनगर का मझरा दयावाला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।