राज्य की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में शिक्षा विभाग की ओर से करवाए विरासती खेल मुकाबलों का समापन मंगलवार को गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में किया गया। इस दौरान हुए कबड्डी के फाइनल मुकाबले में शहर के धुरंधर खिलाड़ियों ने गुरदासपुर को 35-28 से मात देते पहला स्थान पाया। वहीं गुरदासपुर दूसरे स्थान पर रहा।
इसके अलावा रस्साकशी में फिरोजपुर ने पहला और पटियाला ने दूसरा स्थान हासिल किया। समापन समारोह के दौरान ट्रांसपोर्ट मंत्री अजीत सिंह कोहाड़ बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। कोहाड़ ने कहा कि नई संस्कृति के साथ पंजाब की पुरानी संस्कृति को संभाल कर रखने की बेहद जरूरत है, ताकि नई पीढ़ी को पंजाबी विरसे की जानकारी दी जा सके।
कार्यक्रम के दौरान पुरानी पंजाबी संस्कृति पर लगाई गई प्रदर्शनी को देखकर कोहाड़ ने कहा कि उनको अपना पुराना समय याद आ गया। कोहाड़ ने विरासती खेल मुकाबले में विजेता रहे विद्यार्थियों को इनाम वितरित कर सम्मानित किया। इस दौरान कव्वाली, गतका, गिद्दा, भंगड़ा के अलावा पुराने गीत संगीत पर राज्य के विभिन्न जिलों से आए कलाकारों ने पंजाबी संस्कृति की शानदार प्रस्तुति दी।
इस मौके पर मंडल शिक्षा अधिकारी जसपाल सिंह, डिप्टी सीईओ रामपाल सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) हरिंदरपाल सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी (एलिमेंटरी) गुरप्रीत कौर, गाइडेंस काउंसिलर सुरजीत लाल, एसजीपीसी मेंबर कुलवंत सिंह मन्नन, पार्षद-पति परमजीत सिंह रेरू, तेजा सिंह बल मौजूद थे।