जालंधर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
ऑपरेशन ब्लू स्टार की 39वीं बरसी पर जिला मजिस्ट्रेट ने शहर में एक जून से सात जून तक धारा 144 लागू कर दी है। दरअसल, एक जून से सात जून तक घल्लूघारा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान शहर में कई संगठनों ने धार्मिक कार्यक्रम प्रस्तावित कर रखे हैं। इसमें कुछ शरारती तत्व कानून-व्यवस्था को भंग कर सकते हैं। यही वजह है कि डीसी दीप शिखा ने असलहा समेत अन्य हथियारों के प्रदर्शन और चलाने पर रोक का आदेश जारी किया है। वहीं धारा 144 लागू कर दी गई। अब एक स्थान पर पांच से अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक रहेगी। आदेश के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी पर सुरक्षा को लेकर अलर्ट जालंधर पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाल लोगों को शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चाहल की देखरेख में एडीसीपी सिटी 2 आदित्य, एसीपी सेंट्रल निर्मल सिंह ने अपने साथ कई थानों की पुलिस लेकर भीड़ भाड़ वाले इलाकों में अपनी टीम के साथ फ्लैग मार्च निकाला।
यह भी पढ़ें: सिद्धू-मजीठिया की 'जफ्फी': जालंधर में विपक्षी दलों की मीटिंग में गले मिले धुर विरोधी... हैरान रह गए सभी
यह फ्लैग मार्च श्रीराम चौक (मिलाप चौक) से लेकर पटेल चौक तक निकाला गया। पुलिस ने यह मार्च शहर में लॉ एंड ऑर्डर को मेंटेन रखने के लिए निकाला है। इस दौरान पुलिस ने लोगों से अपील भी की और कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान ना दें। एडीसीपी 2 आदित्य ने बताया कि जालंधर पुलिस शहर में शरारती अंसरों को पकड़ने और लॉ एंड ऑर्डर कायम रखने के लिए कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि हमने शहर में अलग-अलग जगहों पर चेकिंग अभियान भी चलाया। इस अभियान का मकसद शरारती अंसरों को कंट्रोल में रखने का है। जिससे शहर में शांति बनी रहे। पुलिस ने जालंधर वासियों से अपील की है कि वह सोशल मीडिया पर फैल रही फेक न्यूज पर ध्यान न दें। वहीं अगर कोई भी व्यक्ति गलत काम करता है तो उसकी जानकारी 112 पर और पुलिस को दें। ताकि उस मामले पर पुलिस अपनी बनती कार्रवाई कर सके।