फरीदकोट में गिरफ्तार बदमाशों की जानकारी देती एसएसपी अवनीत कौर सिद्धू।
- फोटो : FARIDKOT
फरीदकोट। जिला पुलिस के सीआईए स्टाफ जैतो ने राज्य में सरगर्म दविंदर बंबीरा गैंग के नाम जिले के कारोबारियों को धमकाकर उनसे चौथ मांगने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोगा के गांव मलूका निवासी सुखचैन सिंह उर्फ सुक्खा और गांव ठठ्ठी भाई निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ कोच के रूप में हुई है, जो मलयेशिया में रह रहे अपने एक अन्य साथी गांव मलूका निवासी जसकरण सिंह उर्फ जस्सू की मदद से कारोबारियों को विदेशी नंबर से फोन करवाकर धमकाते थे और चौथ की मांग कर रहे थे।
दोनों से दो पिस्टल, 5 कारतूस व दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। एसएसपी अवनीत कौर सिद्धू ने बताया कि कुछ दिन पहले बाजाखाना में एक ज्वैलर्स को भी फोन करके 5 लाख की डिमांड की गई थी, जिसके बाद सीआईए स्टाफ ने जांच के बाद सुखचैन सिंह उर्फ सुक्खा को काबू किया और पूछताछ के बाद मनप्रीत सिंह कोच की गिरफ्तारी की गई। दोनों विभिन्न स्थानों पर रेकी करने के बाद मलयेशिया में बैठे जसकरण सिंह जस्सू को कारोबारियों के फोन नंबर व जानकारियां उपलब्ध करवाते थे और जस्सू फोन करके बंबीहा गैंग के नाम पर धमकियां देकर पैसे की डिमांड करता था। एसएसपी ने बताया कि इसी साल अप्रैल व मई के दौरान ही इन आरोपियों ने कोटकपूरा के कुछ कारोबारियों को जस्सू से फोन करवाकर 5-5 लाख की डिमांड की थी।