पंजाब में आप सरकार बनने के बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल पहली बार जालंधर पहुंचे। जालंधर से दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक सीधी बस सेवा शुरू होने के मौके पर केजरीवाल यहां पहुंचे। पंजाब के सीएम भगवंत मान और केजरीवाल ने कुल 30 मिनट भाषण दिया।
भगवंत मान ने 10 मिनट के भाषण में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की तारीफ में जमकर कसीदे कसे और उनको अपने विधायकों का कैप्टन, एक क्रांतिकारी मुख्यमंत्री, हौसले वाले और निर्भीक सीएम की उपाधि दी। अपने विरोधियों को निशाने पर लिया, राजा वडि़ंग पर अप्रत्यक्ष रूप से वार किया कि अब बसों की चेसिज का भी हिसाब लिया जाएगा। आम आदमी पार्टी व केजरीवाल की तारीफ करते हुए कहा कि महज आठ साल पुरानी पार्टी, 10 राज्यसभा सदस्य, दो सूबों में सरकार एक लोकसभा सदस्य अगले सप्ताह बन रहा है। इतना ही नहीं, उन्होंने स्टेज से केजरीवाल को गुजारिश की कि पंजाब सरकार का मार्गदर्शन करें।
वहीं, केजरीवाल ने पंजाब में गैंगस्टरों से लेकर ड्रग और करप्शन से लेकर बेरोजगारी जैसे संगीन मुद्दों पर अपना ब्लू प्रिंट बताया और यहां तक कि पंजाब के आने वाले बजट में कौन से मुद्दे को पास किया जा रहा है, इसकी भी स्टेज से घोषणा कर दी। केजरीवाल ने कहा कि पंजाबियों बस हम पर भरोसा रखना, सब्र रखना.. हर गारंटी पूरी होगी और रंगला पंजाब बनेगा।
'निचले स्तर पर सरकारी कार्यालय में भ्रष्टाचार खत्म'
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में बस माफिया लंबे समय से हावी था लेकिन अब पंजाब में अब ईमानदार सरकार आ चुकी है। पहले एक पार्टी की सरकार थी, जिनकी जेब में मुनाफा जाता था। फिर दूसरी पार्टी की सरकार आई, उनकी पूरी सेटिंग पुरानी सरकार से थी, हिस्सा जाता था जिस कारण सरकारी बसें नहीं चलनी दी। अधिकारी आज भी वही हैं, सिस्टम भी वही है, बस ईमानदार सरकार आ चुकी है। भ्रष्टाचार पर जितना ठोस प्रहार पिछले तीन माह में हुआ है, उतना पूरे देश में कहीं नहीं हुआ। निचले स्तर पर सरकारी कार्यालय में भ्रष्टाचार खत्म हो गया है। तहसीलदार से रिश्वत शुरू होकर सीएम तक जाती थी, हमने नीचे का सिस्टम ईमानदार कर दिया। आज तक इतिहास में नहीं हुआ होगा कि सरकार अपने मंत्री को अंदर भेज दे। पहले पंजाब में अधिकारियों के तबादलों की बोली लगती थी, एसएसपी से लेकर डीएम तक पैसे देकर पोस्टिंग करवाते थे, अब कोई पैसा नहीं चलता।