केंद्रीय फूड प्रोसेसिंग मंत्री और सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को चुनौती देते हुए कहा कि इन पार्टियों के नेता जानकारी दें कि पंजाब व बाहरी राज्यों में उनकी सरकारों ने किसानों की भलाई के लिए क्या किया है। उन्होंने रविवार को आदर्श गांव योजना के तहत लंबी विधानसभा क्षेत्र के गांव मानां में विकास कार्यों का उद्घाटन किया।
इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंजाब में जब कांग्रेस सरकार थी या अब दिल्ली में आप की सरकार है, इन्होंने किसानों की बेहतरी के लिए कुछ भी नहीं किया। वहीं चुनाव पास आते देख दोनों पार्टियां किसान के नाम पर राजनीति कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि पंजाब में कैप्टन सरकार के समय तो खेती मोटरों के बिल दोबारा चालू कर दिए गए थे, जबकि शिअद भाजपा-सरकार बीते नौ सालों से किसानों को मुफ्त बिजली प्रदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों को हर साल 5 हजार करोड़ की बिजली मुफ्त दी जा रही है और अब उनके लिए सेहत बीमा योजना भी शुरू कर दी गई है। गठबंधन सरकार की योजनाएं किसानों तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य गरीब वर्गों के लिए आटा दाल, शगुन, पेंशन, भगत पूर्ण सिंह सेहत बीमा जैसी स्कीमों सफलता पूर्वक चलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पहले पटियाला के लोगों को धोखा दिया और अब वह अमृतसर के लोगों को धोखा दे रहे हैं।
हरसिमरत बादल ने कहा कि अमृतसर का सांसद होने के बावजूद उन्होंने कभी वहां के लोगों की लोकसभा में आवाज नहीं उठाई और एक बार फिर वह अमृतसर छोड़कर पटियाला आने की फिराक में हैं। ऐसे मौकापरस्त नेताओं से चौकस रहने की जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह हर समय पंजाब और यहां के लोगों की चिंता करते रहते हैं।
हरसिमरत बादल ने गांव मानां में निर्मित नए जिम हॉल, पंचायत घर व कम्यूनिटी शेड का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आदर्श गांव योजना के तहत इस गांव के विकास पर 10 करोड़ खर्च किए गए हैं। बुनियादी ढांचा मजबूत करने के बाद अब गांव के लोगों का सामाजिक और आर्थिक विकास किया जाएगा।
इस दौरान उन्होंने गांव में चल रहे सिलाई केंद्र में 39 महिलाओं को सिलाई मशीनें, प्रमाण पत्र और नन्हीं छांव के तहत पौधे भी बांटे। इस मौके पर डीसी सुमित जारंगल, एसएसपी गुरप्रीत सिंह गिल, एसडीएम विशेष सारंगल, शिअद नेता अवतार सिंह वनवाला, हरमेश सिंह खुडियां, जसमेल सिंह, सरपंच तेजा सिंह और महिमा सिंह मौजूद रहे।