प्रदेश कांग्रेस उपप्रधान व पूर्व नेता प्रतिपक्ष सुनील जाखड़ ने पंजाब में हुए 21562 करोड़ के खाद्य घोटाले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2015 की भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक की ओर से जारी रिपोर्ट में खुलासा अहम खुलासा हुआ था।
इस बात की जानकारी मिली थी कि वित्तीय वर्ष 2013 से 2015 के दौरान पंजाब की गेहूं व धान खरीद की सरकारी एजेंसियों पनसप, पनग्रेन, पंजाब स्टेट वेयर हाउस कारपोरेशन व पंजाब एग्रो फूडग्रेन कारपोरेशन ने केंद्र सरकार से जो कैश क्रेडिट लिमिट ली उसमें भारी गड़बड़ियां पाई गईं। जब कैग ने तीनों सालों का मिलान किया तो पंजाब के गोदामों में 21562.82 करोड़ का गेहूं व धान गोदामों से गायब था।
जाखड़ ने कहा कि यह पैसा केंद्र सरकार ने पंजाब की अकाली-भाजपा सरकार को किसानों से गेहूं व धान खरीद के बदले दिया था। अब जरूरी हो जाता है कि इस की जांच सीबीआई की देखरेख में शीघ्र शुरू होने के साथ ही गोदामों की फिजिकल वेरिफिकेशन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो घोटाला अकाली-भाजपा नेताओं ने किया है उसका हर्जाना पंजाब की जनता क्यों भुगतेे।
उसकी भरपाई घोटाला करने वालों नेताओं से ही होनी चाहिए। जाखड़ ने बताया कि जब कैग के अधिकारियों को पता चला कि पंजाब में बड़े पैमाने पर घोटाला हुआ है तो उन्होंने पंजाब सरकार से उन गाड़ियों के नंबर मांगे। इनके जरिए पंजाब सरकार ने मंडियों से गोदामों में गेहूं व धान की लोडिंग-अनलोडिंग की थी। कैग ने पंजाब सरकार से प्राप्त 3319 ट्रकों के रजिस्ट्रेशन नंबरों की जांच की तो वह केवल उनमें से 87 नंबरों को ही वेरिफाई कर सके।
उन 87 नंबरों में से तीन मोटरसाइकिल, तीन स्कूटर, चार कारें, एक ट्रैक्टर, एक थ्री व्हीलर, एक जीप व एक टोइंग ट्रक था। पंजाब की आकली-भाजपा सरकार की ओर से किए गए घोटाले को उजागर करने के लिए कैग के दिल्ली स्थित उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर उन स्कूटर-मोटर साइकिलों के नंबर लेने में सफलता प्राप्त की। इनमें प्रदेश सरकार ने गेहूं व धान की लिफ्टिंग कर घोटाला किया था।
उन्होंने बताया वह जो बाइक नंबर पीबी 11 एएन 1055 पहले विधानसभा व बाद में छपाल मेले में कांग्रेस की कांफ्रेंस में लेकर गए थे वह नंबर भी पंजाब सरकार की लिस्ट में शामिल था। इसमेें उन्होंने गेहूं व धान की लिफ्टिंग करने का दावा किया था। उन्होंने बताया कि वह इस बाइक को पंजाब के हर कोने में ले जाकर जनता को जागरूक कर बताएंगे कि किस तरह अकाली-भाजपा नेताओं ने पंजाब की जनता के साथ धोखा कर हजारों करोड़ रुपये का घोटाला किया है।