शिक्षा विभाग की तरफ से श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश पर्व को समर्पित ऑनलाइन शैक्षिक मुकाबलों के तहत हुए वाद्य प्रतियोगिता के जिला स्तर के नतीजे घोषित किए गए। इन मुकाबलों में जिले के सरकारी स्कूलों के सेकेंडरी, माध्यमिक और प्राइमरी वर्ग के 770 से ज्यादा विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसके साथ ही विशेष विद्यार्थियों ने भी तीनों ही वर्गों में हिस्सा लिया।
जिला शिक्षा अफसर (सेकेंडरी) हरिंदरपाल सिंह और उप जिला शिक्षा अफसर (सेकेंडरी) राजीव जोशी ने बताया कि सेकेंडरी वर्ग के जिलास्तरीय वाद्य मुकाबलों में गुरप्रीत सिंह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल शेर ने पहला, महक कौर सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल नकोदर ने दूसरा और मनप्रीत कौर सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल अठौला ने तीसरा स्थान हासिल किया।
माध्यमिक स्तर के मुकाबलों में युवराज सरकारी माध्यमिक स्कूल शाहकोट ने पहला, सुखविंदर सारंग सरकारी हाईस्कूल रायपुर रसूलपुर ने दूसरा और जुझार सिंह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल अठौला ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा विशेष जरूरतों वाले विद्यार्थियों के माध्यमिक वर्ग में अमृतपाल सिंह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल बस्ती मिट्ठू पहले स्थान पर रहा। जिला नोडल अफसर प्रेमलता ने बताया कि इन मुकाबलों के संचालन में स्कूल प्रमुखों, अध्यापकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का सहयोग रहा।