जालंधर में पुलिस अधिकारियो के साथ मीटिंग करते जीआरपी के एसपी लखविंदर पाल सिंह खैहरा।
- फोटो : अमर उजाला
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) की ओर से सूबे के सभी स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जीआरपी मुलाजिमों की टीम दिन रात रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग करेगी। ट्रेनों के अंदर से लेकर प्लेटफार्म पर मुलाजिमों हर समय निरीक्षण करेंगे।
जीआरपी थाने में एसपी लखविंदर पाल सिंह खैहरा ने मंगलवार को राज्य के चार जिलों के एसएचओ समेत सभी चौकी इंचार्ज के साथ मीटिंग की। इसमें सभी मुलाजिमों को हिदायतें दी गई हैं कि सुरक्षा को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जालंधर, पठानकोट, अमृतसर और लुधियाना के बड़े स्टेशनों समेत सभी छोटे स्टेशनों पर भी मुलाजिमों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
एसपी खैहरा ने कहा कि 15 अगस्त के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। मुलाजिमों को आदेश दिए गए हैं कि रेलवे स्टेशनों पर आने वाली हर एक ट्रेन के अंदर जाकर जांच की जाए। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन के अंदर आने-जाने वाले मुख्य रास्तों पर हर समय मुलाजिम तैनात रहेंगे। इस दौरान डीएसपी मक्खन सिंह, जीआरपी जालंधर थाने के एसएचओ बलदेव सिंह रंधावा, पठानकोट के एसएचओ सतपाल, अमृतसर के एसएचओ दविंदर सिंह रंधावा, लुधियाना के एसएचओ इंद्रजीत सिंह समेत जालंधर, पठानकोट, अमृतसर और लुधियाना जीआरपी थानों के अंतर्गत आती सभी चौंकी इंचार्ज मौजूद थे।