छापामारी के दौरान बरामद शराब के बिल पेश करने में नाकाम रहने पर कर और
आबकारी विभाग ने शहर में गगन डिस्टलरी के 42 ठेकों को सील कर दिया है।
यह
ठेके एक सप्ताह के लिए बंद रहेंगे। इन ठेकों का संचालन अबोहर के शिव लाल
ढोडा एंड कंपनी के पास है। डीईटीसी सरोजनी गौतम शारदा के निर्देशों पर
आबकारी विभाग कपूरथला की टीम ने एईटीसी परमजीत सिंह के नेतृत्व में सभी
ठेकों को सील किया।
16 जून को गगन डिस्टलरी के शेखूपुर में मनु ढाबा के
साथ स्थित गोदाम में जालंधर और कपूरथला के आबकारी विभाग ने छापा मारकर
करीब 3700 पेटी अवैध शराब बरामद की थी। विभाग ने बिल पेश करने के लिए कहा
था, लेकिन गगन डिस्टलरी के मालिक बिल पेश करने में नाकाम रहे।
इस पर
डीईटीसी जालंधर सरोजनी गौतम शारदा ने एईटीसी कपूरथला परमजीत सिंह को
कार्रवाई के निर्देश दिए। एईटीसी ने गगन डिस्टलरी के ठेके सील कर दिए हैं।
शिव लाल ढोडा एंड कंपनी अबोहर के पास शहर के 42 ठेके हैं।
कपूरथला में
गगन डिस्टलरी के पार्टनर रमन कुमार ने आरोप लगाया कि 30 जून को डीईटीसी में
सुनवाई के लिए बुलाया। वहां पर हस्ताक्षर करवा लिए गए, लेकिन कोई आर्डर
नहीं किए। इसके बाद शुक्रवार देर शाम को कपूरथला आबकारी विभाग से
इंस्पेक्टर का फोन आया कि आपकी पूरी यूनिट सील की जानी है। उन्होंने कहा कि
उनके गोदाम से बरामद शराब की पेटियों की बाकायदा ड्यूटी पे की हुई है।
बिल
भी दिखाए गए हैं। सोमवार को वह पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में रिट दायर
करेंगे। एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग के प्रिंसिपल सचिव अनुराग वर्मा के
सामने भी गुहार लगाएंगे। वहीं डीईटीसी जालंधर सरोजनी गौतम शारदा ने कहा कि
गगन डिस्टलरी के मालिकों को सुनवाई के दौरान बिल पेश करने के लिए कहा गया
था। सुनवाई में वह बिल प्रोड्यूस करने में नाकाम रहे, जिसके चलते कार्रवाई
अमल में लाई गई।