अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। केंद्र सरकार की स्कीम के तहत लोगों को सस्ते भाव में अब चना दाल दी जाएगी। मंगलवार से जालंधर की मकसूदां सब्जी मंडी की दुकान नंबर-78 से 60 रुपये प्रति किलो चना दाल दी जाएगी।
चना दाल लेने के लिए आधार कार्ड जरूरी है। एक आधार कार्ड पर चार किलो चना दाल दी जाएगी। यह काउंटर महज एक घंटे के लिए खोला जाएगा। चना दाल आम किराना की दुकानों पर 90 रुपये प्रति किलो बिक रही है। यह सप्लाई केंद्र सरकार की नेशनल को-ऑपरेटिव कंज्यूमर फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड की तरफ से दी जाएगी।
मंगलवार सुबह 10 बजे से दाल आम लोगों को मिलनी शुरू हो जाएगी। हर रोज सुबह 10 बजे से लेकर सुबह के 11 बजे तक ही इसकी बिक्री होगी। वहीं, अधिकारियों के अनुसार, बिना आधार कार्ड के किसी को भी दाल नहीं दी जाएगी। इससे पहले जालंधर की मकसूदां मंडी में सस्ता प्याज भी आधार कार्ड पर दिया गया था।