कपूरथला। जालंधर के गांव आदी निवासी एक व्यक्ति ने एक ट्रैवल एजेंट पर कनाडा का वर्क वीजा दिलवाने का झांसा देकर 14 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। थाना सिटी पुलिस ने दिल्ली निवासी दंपति समेत तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
जालंधर के गांव आदी निवासी मनजीत सिंह ने एसएसपी इंद्रबीर सिंह को अगस्त 2013 में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया था कि वर्ष 2012 में एक दिन उसे कपूरथला के बस अड्डे पर जालंधर के गांव कोलपुर का ट्रैवल एजेंट नंद लाल पुत्र गुरदास राम मिला। नंद लाल ने उन्हें बताया पुरानी दिल्ली के करनाल रोड जहांगीर पुरी नजदीक मैट्रो स्टेशन निवासी राजिंद्रपाल सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह, उसकी पत्नी सोनिया संगी के साथ उसके अच्छे संबंध है।
उसने बताया कि उक्त दंपत्ति के पास कनाडा के वर्क वीजा है। मनजीत सिंह ने बताया उसने जब कनाडा जाने की बात कही तो नंद लाल ने फोन पर उसकी राजिंद्रपाल सिंह के साथ बात करवा दी। जिसके बाद एक अक्टूबर 2012 को राजिेंद्र पाल कपूरथला आ गया। नंद लाल ने उसकी शहर के एक होटल में ट्रैवल एजेंट राजिंद्रपाल सिंह से मुलाकात करवाई। मनजीत सिंह ने बताया उसका दोस्त गुरदेव सिंह और भाई प्यारा सिंह भी उसके साथ थे।
ट्रैवल एजेंट ने बताया कि वह उसको 14 लाख रुपये में कनाडा वर्क परमिट पर भेज देगा। जिसके बाद उन्होंने उसको एक लाख रुपये दे दिए। बाद में राजिंद्रपाल सिंह ने फोन पर बताया कि उसका कनाडा का वीजा लग गया है और वह उसे एक लाख रुपये टिकट के लिए भेजे। इस पर उन्होंने उसे एक लाख रुपये भेज दिए। मनजीत सिंह ने बताया 19 जनवरी 2013 को उसकी फ्लाइट करवाने का झांसा देकर उससे 12 लाख रुपये फिर से बैंक चेक के जरिये ले लिए। 14 लाख रुपये देने के बाद जब वह फ्लाइट के दिन नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा तो राजिंद्रपाल सिंह, उसकी पत्नी सोनिया संगी और नंद लाल ने उसे एयरपोर्ट के अंदर भेज दिया।
जब काफी समय बीतने के बाद उसकी फ्लाइट नहीं हुई तो उसने बाहर आकर तीनों को ढूंढने का कोशिश की लेकिन उनका कोई पता नहीं मिला। मनजीत सिंह की शिकायत पर एसएसपी ने मामले की जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी। जांच के दौरान राजिंद्रपाल सिंह, उसकी पत्नी सोनिया संगी और नंद लाल पर लगे आरोप सही पाए गए। जिसके आधार पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।