कामर्शियल प्रॉपर्टी टैक्स के विरोध व उच्च दरों को लेकर व्यापारियों ने अपना संघर्ष आरंभ कर दिया है। पहले दिन इलेक्ट्रॉनिक्स व इलेक्ट्रिकल मार्केट (फगवाड़ा गेट) तीन घंटे बंद रही।
व्यापारियों ने दुकानों के शटर बंद रखे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में इंडस्ट्रियल एंड ट्रेडर्स एक्शन कमेटी सहित कई व्यापारिक संगठन शामिल हुए।
मार्केट कमेटी के प्रधान गुरमीत सिंह बिट्टू तथा उपप्रधान बलजीत सिंह आहलूवालिया ने कहा कि पंजाब सरकार की नीतियों से जहां प्रत्येक वर्ग दुखी है वहीं उद्योग बंद होने की कगार पर हैं। व्यापारियों पर लगाए टैक्स उन्हें अपनी दुकानें बंद करने के लिए दबाव बना रहे हैं। बिट्टू ने कहा कि उपमुख्यमंत्री की सोच के मुताबिक जो टैक्स लगाए जा रहे हैं, उससे व्यापारियों की कमर टुटती जा रही है।
व्यापारियों ने कहा कि अगर राज्य सरकार ने अपनी इस नीति को नहीं छोड़ा और रोजाना लगने वाले टैक्स बंद न किए तो इसका भुगतान अकाली-भाजपा सरकार को करना पड़ेगा। आगामी लोकसभा चुनाव में पूरा उद्योगपति व व्यापारी पंजाब सरकार के विरुद्ध अपना वोट देंगे।
इस मौके पर एक्शन कमेटी के सदस्य गुरशरण सिंह, रविंदर धीर, सुखविंदर सिंह बग्गा, राज कुमार शर्मा, प्रीतम सिंह, एडवोकेट रणजीत सिंह, विपिन, राकेश बहल, राजिंदर चतरथ, इंद्रदेव कपूर, अमित सहगल, तेजिंदर सिंह परदेसी, अश्विनी मल्होत्रा ने कहा कि राज्य सरकार की तरफ से खाली खजाने को भरने के लिए शहरों व उद्योग क्षेत्र में लगाए जा रहे टैक्सों ने उनकी कमर तोड़ दी है। इस अवसर पर एचवी सूद, रजिंदर महाजन, सन्नी चोपड़ा, बलबीर सिंह, मनू बेरी, जसवंत सिंह, दलजीत सिंह, परमजीत सिंह, गुरबख्श सिंह, सतिंदर सिंह कोहली सहित समूह दुकानदार मौजूद थे।
आज रहेंगे तीन बाजार बंद
शनिवार को प्रॉपर्टी टैक्स के विरोध में बांसां वाला बाजार, इमाम नासिर तथा गुड़मंडी की सभी दुकानें तीन घंटे के लिए बंद रहेंगी। यूनियन सदस्यों ने बताया कि सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक रोष स्वरूप दुकानें बंद रखी जाएंगी।