अपहरणकर्ता बस स्टैंड पर छोड़कर भागे
संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। बस्ती बावा खेल इलाके से लापता हुए चार साल के बच्चे को कमिश्नरेट पुलिस ने करीब 12 घंटे में सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। परिवार ने बच्चे के सुरक्षित मिलने पर राहत की सांस ली।
एसीपी वेस्ट आतिश भाटिया ने बताया कि वीरवार दोपहर दो बजे बच्चे के लापता होने की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि दो व्यक्ति एक्टिवा पर बच्चे को ले गए थे। थाना बस्ती बावा खेल में केस दर्ज कर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इसी बीच अपहरणकर्ता बच्चे को बस स्टैंड पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वीरवार देर रात बच्चे को ढूंढ निकाला। कमिश्नरेट पुलिस ने सहयोग के लिए आम नागरिकों और मीडिया का आभार जताया। पुलिस ने लोगों से संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत देने की अपील की।