पठानकोट। हलका भोआ में अवैध माइनिंग मामले के गिरफ्तार पूर्व कांग्रेस विधायक जोगिन्द्र पाल को बुधवार को कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल गई है। करीब छह दिन पहले उन पर थाना तारागढ़ में अवैध माइनिंग का पर्चा दर्ज हुआ था। जानकारी के अनुसार फिलहाल जोगिंदर पाल पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल हैं, उन्हे सांस लेने की दिक्कत थी। यहां उनका इलाज चल रहा है।
बता दें, 8 जून, 2022 को थाना तारागढ़ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों को गांव मेरा कलां के नजदीक एक क्रशर वाली जगह पर भेजा गया, जहां एक पोकलेन मशीन, जेसीबी से गैर कानूनी माइनिंग करते पाए गए थे। एसएसपी पठानकोट अरुण सैनी के अनुसार पुलिस टीमों ने मौके से पोकलेन मशीन, जे सी बी और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया जबकि पोकलेन ड्राइवर जिसकी पहचान सुनील कुमार के तौर पर हुई है और क्रशर कर्मचारी, प्रकाश मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने जांच की और जोगिंदर पाल की पत्नी कृष्णा, एक अन्य पार्टनर लक्ष्य सहित चार लोगों पर मामला दर्ज किया था।