जालंधर शहर के बस्ती नौ इलाके में स्थित मशहूर चावला मोबाइल शॉप के बाहर उस समय दहशत फैल गई जब दो युवकों ने अचानक फायरिंग कर दी। यह वारदात शनिवर को पेश आई। गोलियां चलने से दुकान का शीशा टूट गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक मोबाइल शॉप के मालिक को रंगदारी की धमकी मिली थी जिसके बाद आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
एक हमलावर की लोगों ने जमकर की धुनाई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर बाइक पर आए थे। फायरिंग करने के बाद दोनों आरोपी मौके से भागने लगे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए एक हमलावर को मौके पर पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई की। वहीं, दूसरा आरोपी भागने में कामयाब हो गया। यह वारदात थाना भार्गव कैंप क्षेत्र की बताई जा रही है। वहीं, हमलावरों की बाइक वारदात के बाद घटनास्थल पर ही छूट गई।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल फायरिंग के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पकड़े गए आरोपी को लोगों ने पुलिस को सौंप दिया है।