मुक्तसर। श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के चालीस सिंहों की याद में लगने वाले मेला माघी का आज 14 जनवरी से आगाज होगा। इस बार मेले में किसी दल की कांफ्रेंस नहीं होंगी। मेला पूरी तरह शहीदों की शहादत को समर्पित रहेगा। बता दें कि कांग्रेस और आप पिछले कई वर्षों से मेला माघी पर कांफ्रेंस नहीं कर रहे थे, वहीं इस बार किसान संघर्ष के चलते शिअद ने भी अपने हाथ पीछे खिंच लिए है।
उल्लेखनीय है कि मेले में लाखों की तादात में संगत इस दिन मुक्तसर पहुंचकर गुरुद्वारा श्री दरबार साहिब समेत विभिन्न गुरुद्वारों में नतमस्तक होकर चालीस सिंहों को नमन करती है। हर बार लोहड़ी वाले दिन तक मलोट रोड पर बाहरी राज्यों से आने वाले दुकानदारों की स्टालें लग जाती थीं, मगर इस बार बाहरी राज्यों से कम ही दुकानदार आए हैं। मेला माघी को लेकर गुरुद्वारा साहिब में धार्मिक आयोजन शुरू हो गए हैं। पिछले दो दिन से संगतों का आना लगा हुआ है। वहीं, गुरुद्वारा शहीद गंज साहिब में श्री अखंड पाठ चल रहे हैं, जिनका 14 जनवरी को भोग डाला जाएगा। भाई महासिंह हॉल में रागी-ढ़ाडी जत्थों और प्रचारकों ने कीर्तन कर संगत को सिख इतिहास से अवगत कराया।
गुरमति समागम में पहुंची बीबी जागीर कौर
मेला माघी को लेकर गुरुद्वारा साहिब के भाई महा सिंह हॉल में माता भाग कौर जी गुरमति सम्मेलन कराया गया। इसमें शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की अध्यक्ष बीबी जागीर कौर विशेष तौर पर पहुंची। उन्हें गुरुद्वारा साहिब प्रबंधकीय कमेटी ने सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके अंतरिम कमेटी सदस्य नवतेज सिंह काउणी, जोगिंदर कौर बठिंडा, गुरिंदर कौर, डॉ. तेजिंदर कौर धालीवाल और मैनेजर सुमेर सिंह मौजूद रहे।