कैप्टन अमरिंदर सिंह 16 जुलाई को जालंधर के आदमपुर हलके में रैली करेंगे।
इसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी थी कि इलाके के पूर्व विधायक कंवलजीत
सिंह लाली को दिल का दौरा पड़ गया। पूर्व विधायक कंवलजीत लाली पीपीसीसी
प्रधान प्रताप बाजवा के खेमे में चले गए थे।
कैप्टन ने आदमपुर विधानसभा
हलके में रैली रखी है। इसको कामयाब करने के लिए कैप्टन ग्रुप के नेताओं ने
पूर्व विधायक कंवलजीत सिंह लाली के भाई सुक्खा लाली को अपनी ओर मिला लिया
था। दोनों भाई कंवलजीत सिंह लाली और सुक्खा लाली जो लंबे समय से कारोबार
में एक साथ चल रहे थे, सियासत में दोनों अलग-अलग होने पर इसे कंवलजीत लाली
दिल पर ले गए।
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक कैप्टन अमरिंदर सिंह ने
रैली की कमान पूर्व सांसद सतनाम कैंथ को सौंप रखी थी। इस बीच कैंथ ने पूर्व
विधायक कंवलजीत सिंह लाली के छोटे भाई सुक्खा लाली को कैप्टन अमरिंदर सिंह
से मिला दिया। कैप्टन ने सुक्खा लाली को रैली को कामयाब करने के लिए कहा,
इससे दोनों भाइयों में काफी तनाव बढ़ गया था। नेताओं में चर्चा है कि पूर्व
विधायक कंवलजीत सिंह लाली के अपने भाई के बागी होने का सदमा बर्दाश्त नहीं
कर सके। मंगलवार को उनको हार्ट अटैक हो गया। उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
वह कपूरथला चौक स्थित श्रीराम कार्डिक सेंटर के आईसीयू में दाखिल हैं।