संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। महानगर में युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत कमिश्नरेट पुलिस जालंधर ने एक बड़े ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे 13 किलो हेरोइन, दो अवैध हथियार, छह कारतूस, तीन मैगजीन, तीन लग्जरी कारें और 22,000 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।
पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने बताया कि 20 मई को पुली फोकल प्वाॅइंट जालंधर के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी की पहचान शिवम सोढ़ी उर्फ शिवा पुत्र वरिंदर सोढ़ी, निवासी लम्मा पिंड चौक सिमरन एन्क्लेव के रूप में हुई। आरोपी से 5 किलो हेरोइन और 22,000 रुपये ड्रग मनी बरामद हुई थी। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ के बाद शिवम से सात किलो हेरोइन और दो लग्जरी कारें बरामद की गईं। उसने एक साथी की संलिप्तता का भी खुलासा किया। जिस पर पुलिस ने बरिंदर सिंह उर्फ बब्बू निवासी अमर नगर जालंधर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उससे एक किलो हेरोइन, दो अवैध .32 बोर के हथियार, छह कारतूस और तीन मैगजीन बरामद किए। शिवम सोढ़ी के खिलाफ पहले तीन व बरिंदर सिंह के खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है।