पंजाब-हिमाचल सीमा पर पोलियां में प्रदर्शन, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को एक सप्ताह का अल्टीमेटम
संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़शंकर (होशियारपुर)। गांव गज्जर में 24 अक्तूबर को बच्चों के झगड़े में हुई मारपीट में घायल असमैल खान की पीजीआई चंडीगढ़ में 1 नवंबर को मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार को पंजाब-हिमाचल प्रदेश सीमा पर पोलियां में ट्रैफिक जाम कर प्रदर्शन किया और माहिलपुर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
मृतक के रिश्तेदार कासिम दीन ने आरोप लगाया कि 24 अक्तूबर की रात वे परिवार सहित गांव गज्जर में एक विवाह समारोह में थे। डीजे के पास बच्चों को लड़ते देख बलवीर खान ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी बात पर गांव के कुछ लोगों ने हथियारों से उन पर हमला कर दिया। घायलों को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में भी उन्हें घेरकर मारपीट की गई। असमैल खान ने 1 नवंबर को पीजीआई चंडीगढ़ में दम तोड़ दिया। प्रदर्शनकारियों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह में गिरफ्तारी नहीं होने पर माहिलपुर थाने के सामने धरना दिया जाएगा।
पुलिस की कार्रवाई
जाम की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। थाना माहिलपुर की एसएचओ रमनदीप कौर ने बताया कि मामले में पहले ही केस दर्ज हो चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपियों को भी जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।
फोटो कैप्शन: पोलियां घाटी में ट्रैफिक जाम कर प्रदर्शन करते मृतक असमैल खान के परिजन और अन्य लोग।