संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। मोगा के गांव तारेवाला के गंदे सेमनाले से मंगलवार थाना चड़िक पुलिस को एक लड़की का पैर बंधे हुए हालत में गला शव मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समाज सेवा सोसाइटी की मदद से शव को बाहर निकाला। शव की हालत यह थी कि ऊपर का हिस्सा बिलकुल गल चुका था।
वहीं, गांव तारेवाला से ही 11 सितंबर को एक लड़की गायब थी। उसके पिता ने इसकी सूचना 16 सितंबर को थाना चडिक में दी थी। पुलिस द्वारा गायब हुई लड़की के परिवार को बुलाकर शव की शिनाख्त करवाई जा रही है। वहीं, जिस हालत में लड़की का शव मिला है उससे आशंका जताई जा रही है कि लड़की की हत्या की गई है। फिलहाल शव को मोगा सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस मामले में थाना चडिक के इंचार्ज पूरण सिंह ने बताया कि मंगलवार को उनको सुबह 11 बजे सूचना मिली कि तारेवाला के गंदे सेमनाले में एक लड़की का गला हुआ शव पड़ा है। मौके पर पहुंचे और समाज सेवा सोसाइटी की मदद से शव को बाहर निकालकर मोगा के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि लड़की की उम्र 22 साल के करीब लग रही है। उनके पास कुछ दिन पहले इसी गांव की एक लड़की के गायब होने की सूचना भी मिली थी। 16 सितंबर को उसकी डीडीआर दर्ज हुई है और पुलिस उसकी तलाश भी कर रही थी। गायब हुई लड़की के परिवार को शव की शिनाख्त के लिए बुलाया गया।