जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के बाहर देर रात 1.30 बजे कार सवार युवकों ने गोलियां चला दी। कालिया के घर ग्रेनेड हमले के बावजूद देर रात रेलवे रोड पर नाका खाली था जिससे आरोपी भागने में कामयाब हो गए। गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं है।
सूचना पर घटनास्थल पर पहुंची पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस को करतारपुर के मनजीत सिंह ने बताया कि वह रात को स्टेशन के पास से गुजर रहे थे। उन्होंने देखा कि कुछ युवक कार के ऊपर शराब रखकर पी रहे थे। उन्होंने उन्हें ऐसा करने से रोका तो उन्होंने गोलियां चला दी और मौके से फरार हो गए। थाना तीन की पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है।
सूचना के बाद पहुंची थाना तीन की पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए। वहीं रात भर चलने वाला रेलवे रोड जहां कई वारदातें होती है वहां ना पेट्रोलिंग पार्टी थी और न ही पुलिस नाका। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता पर हुए आतंकी हमले के बाद भी जालंधर पुलिस मुख्य नाकों से गायब दिखी और आरोपी आसानी से भाग निकले।
एडीसीपी-1 जालंधर आकर्षि जैन ने रेलवे स्टेशन के पास देर रात हुई गोलीबारी की घटना के संबंध में जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति और तीन लोगों के समूह के बीच झगड़ा हुआ था। इस दौरान एक व्यक्ति ने गोलियां चला दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र जीआरपी के अधिकार क्षेत्र में आता है और इस मामले में जीआरपी ने तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।