थाना सदर जमशेर पुलिस ने जाली दस्तावेज और आईडी प्रूफ लगाकर विभिन्न फाइनेंस कंपनियों से एक्टिवा फाइनेंस करवा आगे बेचने के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से करीब 12 एक्टिवा बरामद की गई हैं। आरोपियों की पहचान सुखजिंदर सिंह निवासी गांव चीमा तहसील जगरांव और पूजा के तौर पर हुई है।
थाना सदर जालंधर की अगुवाई में एएसआई परमजीत सिंह ने पुलिस पार्टी समेत मैकडानल्डस जीटी रोड पर नाका लगाया हुआ था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुखजिंदर सिंह और पूजा को गिरफ्तार किया। ये दोनों आरोपी अमित भट्टी निवासी गांव धीणा से मिलकर जाली दस्तावेज और जाली आईडी प्रूफ तैयार करते थे।
इसके बाद अपने नाम और पते बदलकर विभिन्न कंपनियों से एक्टिवा फाइनेंस करवाकर आगे बेचने का धंधा करते थे। ये लोग फाइनेंस की गई एक्टिवा को मनजीत ऑटो डीलर अली मोहल्ला जालंधर के पास आगे बेचने के लिए पहुंचाते थे। इसके बाद मनजीत सिंह बीरा मार्केट में राजा नाम के लोगों को एक्टिवा बेचने के लिए भेजता था। उनके पास से जाली दस्तावेज और जाली आईडी प्रूफ के आधार पर ली गई करीब 12 एक्टिवा बरामद हो चुकी हैं।
पुलिस के अनुसार इन एक्टिवा को फाइनेंस करवाने में कुछ कंपनियों के कर्मचारियों की भी मिलीभगत हो सकती है। आरोपी सुखजिंदर सिंह और पूजा को गिरफ्तार कर अदालत में पेश करने के बाद 7 मार्च तक का पुलिस रिमांड हासिल करके तफतीश की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से और भी एक्टिवा या अन्य वाहन बरामद होने की संभावना है। पुलिस इस मामले में कई अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छानबीन कर रही है।