प्रीत नगर सोढल रोड पर पड़ते एक मिल्क बार की दुकान को चोरों ने शनिवार रात को निशाना बना दिया। चोर दुकान के ताले तोड़कर अंदर पड़े सामान के साथ नगदी लूटकर फरार हो गए।
इसका पता दुकानदार को रविवार सुबह उस समय चला जब करीब सुबह 5:30 बजे दूध बेचने वाला आया तो ताले टूटे और शटर उखड़ा देख दुकान मालिक को सूचित किया। विक्की मिल्क बार के मालिक अवतार सिंह ने कहा कि दूध बेचने वाले की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे।
उन्होंने देखा कि दुकान से चोर 12 हजार नगदी, 8 किलो देसी घी, 2 पेटी जूस व अन्य सामान चुरा ले गए। उन्होंने कहा कि वह रात करीब 11:00 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। चोरी की जानकारी थाना नंबर 8 की पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।