गुरुद्वारा सिंह सभा मेन बाजार के सामने एक करियाने की दुकान पर दाखिल हुए हथियारबंद लुटेरों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया।
इस दौरान दुकानदार व लुटेरों में हुई आपसी खींचतान में लुटेरों ने दहशत फैलाने के लिए देसी पिस्टल से गोली भी चलाई। लुटेरों ने दुकानदार पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे घायल भी कर दिया। दुकानदार राजेश कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी दुकान पर काम कर रहा था। दुकान पर रखा हुआ लड़का सन्नी साफ सफाई कर रहा था।
इस दौरान कार सवार दो नौजवान दुकान के पास से गुजरे। वे कार को कुछ दूर खड़ा कर दुकान पर आ गए। लुटेरों ने चेहरों को ढका हुआ था। लुटेरों ने पहले दुकान मालिक राजेश कुमार से सामान की मांग की। फिर पिस्टल व तेजधार हथियार दिखाकर पैसे देने के लिए कहा। जब उसने विरोध किया तो लुटेरों ने उस पर पिस्टल तान दी।
लुटेरों ने दुकान मालिक राजेश कुमार का मोबाइल छीन लिया और दुकान के गल्ले से पैसे निकालने लगे। राजेश कुमार ने दुकान से बाहर निकलकर शोर मचाया तो लुटेरों की उसके साथ हाथापाई हो पड़े। लुटेरों ने तेजधार हथियार से राजेश कुमार पर हमला कर दिया। साथ ही लुटेरों ने देसी पिस्टल से दुकान मालिक राजेश कुमार पर गोली भी चलाई, उसने भाग पर अपना बचाव कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बार लुटेरे फरार हो गए।
लुटेरों ने दुकान में सामान लेने आए एक ग्राहक अमित गोयल से भी नगदी छीन ली। सारी वारदात दुकान पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लुटेरों की पिस्टल से चली गोली का खोल बरामद किया। एसएचओ ओंकार सिंह बराड़ ने कहा कि लुटेरे जिस कार में आए थे उसका नंबर नकली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।