गोल्ड लोन कंपनी में पांच करोड़ के जेवर-नकदी पर डाका डालने और साजिश रचने के आरोपियों को कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस ने दो आरोपियों की निशानदेही पर एक लाख रुपये भी बरामद किए हैं।
मालूम हो कि 14 मार्च को पांच-छह बदमाशों ने नीलम बाटा रोड स्थित मणप्पुरम गोल्ड लोन कार्यालय में दिनदहाड़े डाका डाला था। बदमाश कार्यालय से करीब 17 किलोग्राम सोना और 4.23 लाख रुपये लूट ले गए थे।
पुलिस ने बुधवार की रात राजीव उर्फ राज और सिकंदर उर्फ गंजा को कुरुक्षेत्र के अमीन गांव से पकड़ा था। इनके पास से डकैती में हड़पा गया 16 किलोग्राम सोना और तीन लाख रुपये भी बरामद हुए थे। इनसे मिली जानकारी के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को पटना से दो अन्य आरोपी आनंद और आशीष को पकड़ा था।
शनिवार को पुलिस ने डकैती की साजिश में शामिल होने के आरोप में राहुल उपाध्याय और अरविंद सिंह को भी बुलंदशहर और गाजियाबाद से गिरफ्तार किया था। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और ऑटो भी बरामद कर लिया था।
क्राइम ब्रांच इंचार्ज नरेंद चौहान ने बताया कि ऑटो अरविंद का और स्कूटी राहुल की है, दोनों के पास से एक लाख रुपये भी बरामद हुए। सभी छह आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से जज ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।