देहात पुलिस ने नूरमहल के ड्राईक्लीनर विनोद कुमार की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों
की पहचान शिव कुमार निवासी नूरमहल और नवदीप जोशी उर्फ सोनू निवासी गांव
उप्पल भूपा के रूप में हुई है। शिव कुमार विनोद कुमार का दोस्त था उसने
उसकी हत्या के लिए सुपारी दी थी। शिव को विनोद की पत्नी से लगाव था। विनोद
को मरवाकर वह उसकी पत्नी से संबंध बढ़ाना चाहता था।
इसके चलते उसने
नवदीप जोशी को डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर उसकी हत्या करवा दी। विनोद की
हत्या के लिए जम्मू-कश्मीर से पिस्टल मंगवाई गई थी। मामले को गंभीरता से
लेते हुए देहात पुलिस ने एसआईटी का गठन किया था। इसकी अगुवाई एसपी
इंवेस्टीगेशन हरकंवलप्रीत सिंह खख कर रहे थे।
नकोदर के डीएसपी देहात
बलकार सिंह ने बताया कि 22 जनवरी की सुबह नूरमहल निवासी ड्राईक्लीनर विनोद
कुमार अपनी बेटियों को स्कूल छोड़कर वापस आ रहा था। रास्ते में उसकी गोली
मार कर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर थाना नूरमहल
में हत्या का केस दर्ज कर लिया था। डीएसपी ने बताया कि करीब सवा माह पहले
भी विनोद को मारने के इरादे से उसने हमला किया था लेकिन वह बच गया था।