अवैध खनन को रोकने के लिए लगाए गए नाके के दौरान एक टिप्पर चालक ने माइनिंग
अधिकारी को कुचलने का प्रयास किया। मुलाजिमों ने किसी तरह टिप्पर को रोका
तो चालक उनके साथ हाथापाई कर फरार हो गया। माइनिंग अधिकारी ने टिप्पर को
स्थानीय पुलिस को सौंप दिया है। डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने आरोपी चालक के
खिलाफ माइनिंग एक्ट, चोरी के अलावा सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का मामला
दर्ज कर लिया है। एसएचओ विमलकांत का कहना है कि पुलिस चालक मिंटू की तलाश
कर रही है।
माइनिंग अधिकारी अमरजीत सिंह ने लंबा पिंड चौक पर नाकेबंदी
कर रखी थी। इस दौरान एक टिप्पर को रोका तो चालक मिंटू ने टिप्पर को दौड़ा
लिया। इसके बाद अमरजीत सिंह अपने मुलाजिमों के साथ उसको रोकने के लिए
दौड़े, इस पर चालक ने उनको ही कुचलने का प्रयास किया। मुलाजिमों ने किसी
तरह उसको काबू किया तो चालक उनके साथ हाथापाई कर भाग निकला। सूत्रोें से
पता चला कि टिप्पर का संबंध शिअद की एक महिला नेता से है। वहीं भाजपा नेता व
ट्रांसपोर्ट सेल के चेयरमैन अमरजीत सिंह अमरी ने अधिकारियों से मांग की है
कि टिप्पर चालक को गिरफ्तार कर खनन करने वाले का असली चेहरा सामने लाया
जाए। अमरी ने कहा कि खनन कौन कर रहा है, इसमें किन लोगों की शमूलियत है,
इसका खुलासा होना चाहिए।