बल्टर्न पार्क के पास पड़ते रोज पार्क से मंगलवार सुबह कुछ कार सवार लोगों ने गन प्वाइंट पर प्रॉपर्टी डीलर महिंदर काला का अपहरण कर लिया। आरोपी सफेद रंग की स्विफ्ट कार में आए थे, इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रापर्टी डीलर महिंदर काला मोटरसाइकिल पर अपने फार्म हाउस जा रहे थे। उस समय आरोपियों ने गन प्वाइंट पर उन्हें किडनैप कर लिया। अपहरण की सूचना के बाद पुलिस कमिश्नर अर्पित शुक्ला, डीसीपी हरजीत सिंह पुलिस अधिकारियों समेत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ कर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। कैमरे में सफेद रंग की स्विफ्ट कार जाती दिखाई दे रही है, जिसमें प्रापर्टी कारोबारी को लेकर गए हैं।
प्रॉपटी डीलर महिंदर काला के परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि स्विफ्ट कार पर आए कुछ लोगों ने उन्हें प्लॉट के बाहर घेर लिया था। इस दौरान उनकी आरोपियों से काफी बहस हुई, बाद में वह उन्हें गन प्वाइंट पर कार में डाल कर ले गए। एसीपी नार्थ बलविंदर इकबाल सिंह काहलों ने कहा कि पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।