लुधियाना की अदालत में पेशी भुगताकर सेंट्रल जेल फिरोजपुर आते समय एक विचाराधीन कैदी हथकड़ी समेत पुलिस मुलाजिमों को चकमा देकर फरार हो गया। उधर, थाना कैंट पुलिस ने पुलिस लाइन आफिसर कुलबीर सिंह के बयान पर दो हेड कांस्टेबलों और एक सिपाही समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक हेड कांस्टेबल धर्मपाल (नंबर-1489), चिमन सिंह (5945) और सिपाही दलजीत सिंह (89) की ड्यूटी लगी थी कि शराब के केस में सेंट्रल जेल फिरोजपुर में बंद विचाराधीन कैदी सारज उर्फ जज पुत्र अजीत सिंह वासी पीर मोहम्मद थाना मक्खू (मौजूदा अमन नगर गली नंबर-नौ भारती कालोनी नजदीक जालंधर बाईपास) को लुधियाना की अदालत में पेश किया जाए। ये तीनों सारज को लुधियाना अदालत में पेशी के लिए लेकर गए थे।
सोमवार देर शाम को लुधियाना से आते समय फिरोजपुर की चुंगी नंबर-आठ पर जैसे ही पहुंचे कि विचाराधीन कैदी सारज ने पेशाब करने की बात कही। उसी समय सारज ने जोर से झटका मारा और हथकड़ी समेत फरार हो गया। तीनों मुलाजिम देखते ही रह गए। उधर, पुलिस ने तीनों मुलाजिमों और कैदी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।