पंजाब के जालंधर में डीएवी कॉलेज में लगातार दो दिन चोरी की घटना हुई। पुलिस ने आरोपी चोर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सरवन निवासी रत्न नगर, बस्ती बावा खेल के रूप में हुई है।
डीएवी कॉलेज जालंधर में लगातार दो दिन तक हुई चोरी की गुत्थी आखिरकार पुलिस ने सुलझा ली है। सामने आए दिलचस्प सीसीटीवी फुटेज में चोर बेहद आसानी से कॉलेज की दीवार फांदकर अंदर जाता और चोरी का सामान दीवार पर रखकर बाहर ले जाता दिखाई दे रहा है। पहले दिन आरोपी ने दो पानी की मोटरें चुराई और अगले ही दिन फिर लौटकर गैस सिलेंडर चुरा ले गया। कॉलेज के प्रोफेसर सौरभ राज ने चोरी की शिकायत थाना डिवीजन-1 में दर्ज करवाई और सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी। फुटेज देखने के बाद पुलिस ने आरोपी की फोटो निकालकर इलाके में लोगों से पहचान करवाई।
विज्ञापन
एएसआई कुलविंदर सिंह के मुताबिक लोगों ने फोटो देखकर आरोपी की पहचान कर ली। इसके बाद गंदे नाले के पास ट्रैप लगाकर उसे काबू किया गया। आरोपी वहां अक्सर रेकी किया करता था। आरोपी की पहचान सरवन निवासी रत्न नगर, बस्ती बावा खेल के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने 27 नवंबर को स्विमिंग पूल के पास बने कमरे से दो मोटरें चोरी करने और 28 नवंबर को फिर दीवार फांदकर गैस सिलेंडर चोरी करने की बात स्वीकार कर ली है।