जालंधर आबकारी और कराधान मोबाइल विंग की टीम ने जीरकपुर में राजस्थान की एक बस से एक व्यक्ति से 71 लाख 7 हजार का सोना और हीरे के जेवर बरामद किए हैं। राजस्थान निवासी राकेश कुमार बिना बिल की यह ज्वेलरी चंडीगढ़ से दिल्ली ले जा रहा था। टीम ज्वेलरी के असली मालिक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
डीईटीसी कम ज्वाइंट डायरेक्ट मोबाइल विंग एचपीएस गोत्रा ने बताया कि उनके विभाग की जालंधर की टीम के ईटीओ पवन कुमार, मनमोहन और अजय कुमार को सूचना मिली थी कि कोई व्यक्ति राजस्थान की बस में लाखों की ज्वेलरी बिना बिल के लेकर जा रहा है।
इसके बाद टीम का गठन कर बुधवार आधी रात को छापामारी की गई। इस दौरान बस में सवार राकेश कुमार से 71 लाख 7 हजार की ज्वेलरी बरामद की गई। ज्वेलरी को सील कर दिया गया है। इस पर करीब 36 लाख 50 हजार की पेनल्टी बनती है। डीईटीसी एचपीएस गोत्रा ने कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि यह ज्वेलरी किसकी है और आगे कहां सप्लाई की जा रही थी।