शहर के ज्योति चौक के पास स्थित पप्पू फ्रूट शॉप पर काम करने वाले एक व्यक्ति की शनिवार रात को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। वहीं कुछ फल बेचने वालों ने डिंपल की मौत के रोष स्वरूप प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों के अनुसार डिंपल का किसी विक्रेता के साथ फल बेचने पर झगड़ा हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया है कि खरीदार ने डिंपल से मारपीट की थी। इसके बाद तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई।
थाना चार के सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने कहा कि हिम्मत कुमार उर्फ डिंपल ज्योति चौक पर स्थित पप्पू फ्रूट शॉप पर काम करता था। पक्का बाग के रहने वाले फ्रूट शॉप के मालिक पप्पू के अनुसार करीब 30 साल से डिंपल उनके पास ही काम कर रहा था और वह रात को दुकान पर ही सोता था। उन्होंने बताया कि डिंपल ने शादी नहीं करवाई थी।
उसका भाई अरविंद लुधियाना में फ्रूट की रेहड़ी लगाता है। अरविंद ने बताया कि उसका भाई डिंपल शराब का आदी था। उसको पहले भी दो बार दिल का दौरा पड़ चुका था। अरविंद ने बताया कि शनिवार रात को भी शराब के नशे में उसको दौरा पड़ा है। इसके बाद दुकानदार जब उसे सिविल अस्पताल लाए तो वहां उसकी मौत हो गई थी।
सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने कहा कि मृतक के परिजनों के बयान पर 174 की कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि फिर भी शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए भेज दिया गया है। यदि रिपोर्ट में कोई बात सामने आती है, तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में झगड़े की कोई बात सामने नहीं आई है।