वाहन चोरी और लूटपाट करने वाले गैंग को चलाने वाले चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों से दो प्रेस कार्ड के अलावा छह मोटर साइकिल, एक एक्टिवा, 6 मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान योगेश कुमार उर्फ मोंटी, ऋषभ बब्बर निवासी शहीद बाबू लाभ सिंह नगर, रोहित कुमार निवासी रतन नगर और गगनदीप सिंह निवासी न्यू शहीद बाबू लाभ सिंह नगर के रूप में हुई है।
थाना डिवीजन नंबर दो के प्रभारी प्रेम कुमार ने बताया कि गैंग का मुखिया आरोपी योगेश कुमार है। पुलिस ने योगेश से दो जालंधर से छपने वाले अखबारों के प्रेस कार्ड बरामद किए हैं। यह कार्ड असली हैं या फर्जी इसकी जांच की जा रही है। यह गिरोह चोरी के वाहनों पर जाली नंबर प्लेट लगाकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था। पूछताछ में आरोपियों ने माना कि वह राहगीरों से मोटर साइकिलों पर सवार होकर विभिन्न इलाकों से स्नेचिंग करते थे।
इसके अलावा वह शापिंग मॉल और शोरूम के बाहर खड़े वाहनों को चोरी करते थे। इन वाहनों से सामान इत्यादि बेचकर इन्हें शहर के बाहर खड़ा कर दिया जाता था।