पठानकोट से जालंधर की तरफ आ रही कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिससे कार में सवार दंपति की मौत हो गई।
चालक
बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना सुबह साढ़े छह बजे के करीब पठानकोट नेशनल
हाईवे पर किशनगढ़ के पास काला बकरा के पेट्रोल पंप के पास हुई। मृतक की
पहचान बृज मोहन, पत्नी ऊषा निवासी पटेल चौक पठानकोट के रूप में हुई है।
चालक की पहचान राम लाल निवासी नुरपूर कांगड़ा के रूप में हुई है।
बृज
मोहन महाजन निवासी पठानकोट अपनी पत्नी ऊषा के साथ लुधियाना में चेकअप
करवाने के लिए जा रहे थे। इसके लिए उन्होंने कार किराए पर ली थी जिसको चालक
राम लाल निवासी नूरपुर कांगड़ा चला रहा था। पेट्रोल पंप के पास अज्ञात
वाहन ने कार को टक्कर मार दी और बाद में फरार हो गए। बृज मोहन महाजन की तो
घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि ऊषा को तत्काल जौहल अस्पताल लाया गया लेकिन
उसकी भी मौत हो गई।
किशनगढ़ चौकी इंचार्ज सतपाल के मुताबिक चालक की
हालत गंभीर है। इसके कारण पूरे हादसे की जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस
वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के
खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। शवों का पोस्टमार्टम
करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।