थाना रामामंडी क्षेत्र के सूर्या एन्क्लेव में मंगलवार सुबह कार सवार महिलाओं के गिरोह ने एक नेवी अधिकारी की एनआरआई बुजुर्ग मां को निशाना बनाया। गैंग की महिलाएं उनके हाथ के कंगन काटकर फरार हो गईं। वारदात को कार में सवार तीन महिलाओं ने अंजाम दिया है, जबकि कार को एक युवक चला रहा था। थाना रामामंडी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर लुटेरों की तलाश कर रही है।
सूर्या एन्क्लेव निवासी मर्चेंट नेवी अफसर दविंदर सिंह ने बताया कि उनकी मां परमजीत कौर सुबह रोज गार्डन के पास टहल रही थीं। इस दौरान एक कार में सवार होकर आए 4 लोगों ने उन्हें जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। विरोध करने पर उनके हाथ से दो कंगन काटकर मौके से फरार हो गए। इस बारे में उनकी मां को पता ही नहीं चला।
यह भी पढ़ें - पंजाब का संकट: कैप्टन गुट के नेताओं को साधने में जुटे सीएम चन्नी, रात को पहुंचे नाराज बलबीर सिद्धू के घर
वारदात की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, लूट की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। कार के आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। बताया जा रहा है बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाने वाला गिरोह काफी समय से सक्रिय है।