कमिश्नरेट पुलिस की स्पेशल ब्रांच की टीम ने एक भाजपा नेता के करीबी अजीत और उसके साथी जयदेव को 35 पेटी अवैध शराब समेत गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपी काजी मंडी के रहने वाले हैं और लंबे समय से तस्करी के कारोबार में लिप्त थे। दोनों ने गाड़ी पर जो नंबर प्लेट लगा रखी थी, वह फर्जी थी। इस वजह से उनके खिलाफ पुलिस ने जालसाजी का केस भी दर्ज किया है।
स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज अंग्रेज सिंह ने बताया कि उन्होंने नंगलशामा चौक में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान सेंटरो कार को रुकने का इशारा किया तो गाड़ी भगा ली। स्पेशल स्टाफ की टीम ने पीछा कर कार चालक को घेर लिया।
पुलिस को कार की तलाशी लेने पर अवैध शराब की खेप बरामद हुई। इंस्पेक्टर अंग्रेज सिंह के मुताबिक अजीत काजी मंडी का रहने वाला है और वह तस्करी के कारोबार में लिप्त है।
एसीपी क्राइम हरजिंदर सिंह के मुताबिक आरोपी तस्कर गोराया से शराब लेकर आए थे और जालंधर में बेची जानी थी। जालंधर में शराब का सिंडीकेट बना हुआ है, जिस कारण यहां पर ठेकेदारों ने अपने अलग दाम रखे हुए हैं।
तस्कर बाहरी इलाकों से लाकर यहां पर महंगी शराब बेचकर मोटा मुनाफा कमाते थे। एसीपी के मुताबिक पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि अवैध शराब कहां से लाई गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जालसाजी व आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।