कारोबारी अनिल बिल्ला की दिन दहाड़े हत्या के 36 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस की पूरी जांच लेनदेन पर टिकी हुई है। अब तक पुलिस को इस बारे में कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
सूत्रों की मानें तो बिल्ला का करोड़ों रुपये मनी ट्रांजेक्शन में लगा हुआ था। कमिश्नर अर्पित शुक्ला की तरफ से अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है जो अलग-अलग थ्योरी पर जांच कर रही है।
पुलिस के उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक बिल्ला का हवाला कनेक्शन की बातें सामने आ रही हैं। यह भी पता चला है कि उसका हवाला का कारोबार काफी बड़ा था और इसमें उन्होंने काफी पैसा निवेश भी कर रखा था। हवाला का पैसा किसके साथ निवेश किया गया था और उसका हिसाब किताब क्या है ? इसके बारे में पुलिस अभी अंजान है।
पुलिस को अनिल बिल्ला के तीन मोबाइल फोन मिले हैं जिनकी कॉल डिटेल निकलवाई गई है। बिल्ला को एक माह से आने जाने वाली कॉल्स का पूरा ब्योरा निकलवाकर लोगों को जांच के दायरे में लाया जा रहा है। पुलिस ने होटल रमाडा इलाके का टावर डंप निकलवाया है ताकि अगर हत्यारों ने उस इलाके में मोबाइल इस्तेमाल किया तो उसका पता चल सके। इसके अलावा बिल्ला की कोठी जीटीबी नगर इलाके का डंप भी निकलवाया गया है। साथ ही बिल्ला के रिहायशी इलाके जीटीबी नगर से रमाडा के रास्ते में जितने भी मोबाइल टावर आते हैं उनका पूरा ब्योरा निकलवाया गया है। यदि हत्यारों के पास मोबाइल था और उन्होंने बिल्ला को कोठी से फालो किया है तो पुलिस को मोबाइल नंबर मिल सकता है।
पुलिस तमाम टावरों से मिली डिटेल को आपस में मैच कर कॉमन नंबर खोज रही है ताकि उसको जांच के दायरे में लाया जा सके।
इसके अलावा दूसरी टीम बिल्ला के निकटतम लोगों का ब्योरा जुटा रही है ताकि उनसे कुछ सुराग मिल सके कि बिल्ला का लेनदेन किन लोगों के साथ था। कुछ खास लोगों की एक सूची पुलिस ने तैयार की है। उनके मोबाइल नंबर निकलवाकर उसकी जांच की जा रही है।