एक युवक ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि पुलिस मुलाजिमों ने उसे उसके घर से जबरदस्ती उठाकर सीआईए स्टाफ लाकर पिटाई की। साथ ही करंट भी लगाया जिससे वह बेहोश हो गया। उधर, युवक के परिजनों ने इस संबंधी एसएसपी फिरोजपुर को शिकायत दी है। यह घटना सीमांत गांव गंदू किलचा उताड़ जिला फिरोजपुर में घटी।
पीड़ित छिंदर सिंह पुत्र काका सिंह वासी गांव गंदू किलचा उताड़ ने आरोप लगाया कि पांच पुलिस मुलाजिम उनके घर आए और उन्हें उठाकर सीआईए स्टाफ फिरोजपुर ले आए। यहां उनके सारे कपड़े उतरवा दिए गए। उसके बाद कहने लगे कि उनके पास हेरोइन, सोने के बिस्कुट व पाक सिम कार्ड है या नहीं। छिंदर ने कहा कि वह तो मजदूरी करते हैं इस प्रकार का कोई धंधा नहीं करते।
इस पर पुलिस वालों ने उन्हें बहुत पीटा और करंट भी लगाया। इससे वह बेहोश हो गए। उसके बाद पुलिस वालों ने उसके मुंह पर पानी डाला। उनके पिता गांव के सरपंच और अन्य लोगों को लेकर सीआईए स्टाफ पहुंचे। उक्त पांच पुलिस मुलाजिमों ने उनके पिता से 25 हजार रुपये देने की बात कही। पिता के पास पैसे नहीं थे। किसी तरह पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
पुलिस का कहना है कि गांव के किसी अन्य व्यक्ति का नाम बताओ जो हेरोइन, सोने के बिस्कुट पाक से लाने का धंधा करता है। छिंदर ने बताया कि उन्हें उसे ऐसे किसी व्यक्ति के बारे में जानकारी नहीं है। उनका आरोप है कि उक्त पुलिस मुलाजिम कह रहे थे कि वह उन्हें दो किलो हेरोइन पाकर बीस साल की सजा करवा देंगे। इस संबंधी उन्होंने एसएसपी फिरोजपुर को शिकायत दे दी है।