थाना सिटी पुलिस ने गुप्त सुचना के आधार पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 7 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के दो साथी फरार हैं।
पुलिस ने आरोपियों से 3 पिस्टल, 18 राउंद, तेजधार हथियार और दो कारें बरामद की हैं। आरोपियों की पहचान सुखप्रीत सिंह उर्फ सुक्खा निवासी लुधियाना, कुलविंदर निवासी संगरूर, गगनदीप सिंह निवासी लुधियाना, गुरविंदर सिंह उर्फ गोल्डी निवासी सुलतानपुर, गुरिंदर सिंह उर्फ सोनू निवासी लुधियाना, भुपिंदर पाल सिंह निवासी तरनतारन और बन्नी निवासी गुरदासपुर के रूप में हुई है।
फरार आरोपियों की पहचान रुपिंदर सिंह और खुशप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। प्रेसवार्ता के दौरान डीएसपी बलकार सिंह, थाना सिटी प्रभारी सुखदेव सिंह और अतिरिक्त थाना प्रभारी परमजीत सिंह ने कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी किसी लूट की वारदात को अंजाम देने वाले थे, मगर पुलिस ने पहले ही आरोपियों को काबू कर लिया।
उन्होंने कहा कि गिरोह के फरार हुए दो सदस्य रुपिंदर सिंह और खुशप्रीत सिंह को पकड़ने के लिए पुलिस छानबीन कर रही है। उन्होंने कहा कि सुखप्रीत सिंह गिरोह का सरगना है। वह सुक्खा काहलवां वाले ग्रुप के साथ तालमेल में था। सुखप्रीत सिंह के खिलाफ विभिन्न थानों में 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी कुलविंदर सिंह और गगनदीप उर्फ गगी के खिलाफ भी पहले से केस दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद रिमांड हासिल किया जाएगा।