चार दिन पहले आरवी शांति से अपह्त एक्साइज इंस्पेक्टर का 11 वर्षीय बेटा आर्यन कांसल बुधवार सुबह सकुशल घर लौट आया। बच्चे के घर लौटते ही जिला पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस घटनाक्रम के मुख्य साजिशकर्ता व आर्यन कांसल के मामा को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है।
एसएसपी सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि घटना वाले दिन ही पुलिस को सुराग मिल गया था लेकिन बच्चे को सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वह पीछे रहकर पूरे केस की निगरानी कर रहे थे। बच्चे के घर पहुंचते ही पुलिस ने अपहरण के साजिशकर्ता व आर्यन के करीबी रिश्तेदार शिव कुमार गोयल को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी के अनुसार आरोपी ने परिवार से अधिक से अधिक पैसा ऐंठने के लिए अपहरण की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने दावा किया कि इस केस से संबंधित बाकी आरोपियों की भी शिनाख्त हो चुकी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने बठिंडा रोड स्थित ट्रक यूनियन के सामने वाली गली से बुधवार सुबह करीब 9 बजे दो सगे भाइयों को अपनी हिरासत में लिया है और उनके घर से एक बड़ा बैग भी बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि दोनों को आर्यन अपहरण मामले में पकड़ा गया है।
प्रत्यक्षदर्थियों के अनुसार दोनों युवकों को दबोचने पहुंची पुलिस सादा वर्दी में थी और उनके हाथों में सर्विस रिवाल्वर भी थे। इन युवकों की माता ने बताया कि उसके दोनों बेटे नशे के आदी है और घटना वाले दोनों ही घर से गायब थे। इस मामले में डीएसपी जैतो जगदीश विश्नोई ने कहा कि पूरा मामला अभी जांच अधीन है और फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी सकती।