शहर की कमिश्नरेट पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक युवक को काबू कर उससे हथियार बरामद किए हैं। युवक पिस्तौल लेकर अपने भाई और पिता का कत्ल करने जा रहा था।
वह अपने पिता से इसलिए खफा था कि जमीन के बंटवारे में उसके भाई को महंगी दुकानें दे दी हैं। वह भाई और पिता से इस रंजिश का बदला लेने जा रहा था कि पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
एसीपी सेंट्रल देवदत्त शर्मा ने बताया कि थाना रामामंडी पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान अमित निवासी गुरु गोबिंद सिंह एवेन्यू को रोका। पुलिस को देखकर अमित भागने लगा, जिससे उस पर शक हुआ। पुुलिस ने पीछा कर उसको दबोच लिया, तलाशी लेने पर उससे पिस्तौल, गोलियां और नशीली दवाएं मिलीं।
पुलिस ने उससे पूछताछ की तो पता चला कि वह भार्गव कैंप के मुनीश से पिस्तौल खरीद कर लाया था। जांच में पता चला कि नारी निकेतन के पास उसके पिता रोशन की चार दुकानें थी, जिसमें से दो पिता ने उसे दे दी और दो दूसरे भाई मनोज को दीं। अमित को लग रहा था कि मनोज को पिता ने महंगी दुकानें दे दी हैं। इसी रंजिश में उसने पिस्तौल खरीदी, वह पिता और भाई का कत्ल करने घर जा रहा था कि रास्ते में ही धरा गया।
एसीपी सेंट्रल देवदत्त शर्मा ने बताया कि पुलिस ने पिस्तौल बेचने वाले मुनीश को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है, अभी यह पता नहीं चल पाया है कि मुनीश पिस्तौल कहां से लेकर आता था।