स्थानीय कमिश्नरेट पुलिस टीम ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो धोगड़ी रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम को तोड़ने के लिए जा रहा था। गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के पास से तेजधार हथियारों के अलावा चोरी के वाहन भी बरामद किए हैं।
डीसीपी इंवेस्टिगेशन संदीप शर्मा, एसएचओ इंदरजीत सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी। उसके आधार पर लंबा पिंड इलाके में नाकेबंदी की गई। इसके बाद पुलिस ने एक मारुति कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें सवार मुहम्मद अली निवासी गुरु तेग बहादुर नगर लुधियाना, कर्ण निवासी सराय खास जालंधर, राहुल निवासी सिकंदरपुर आदमपुर को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं रोहित निवासी जालंधर और रवि निवासी लुधियाना मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने तीन बाइक, दो कारें, 6 एलसीडी और हथियार बरामद किए हैं। आरोपी कर्ण एटीएम इंजीनियर है। उसने ही धोगड़ी रोड पर स्थित एटीएम को तोड़ने की योजना गिरोह के साथ बनाई थी। डीसीपी के मुताबिक मुहम्मद अली पर 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं।