जिला पुलिस के पीओ स्टाफ ने 12 साल पुराने दहेज उत्पीड़न और 9 साल पहले हिरासत से फरार होने के मामले में भगोड़े दंपति को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान इन दिनों पंचकूला के बीड़ घग्गर में रहने वाले लुधियाना के गांव कक्का निवासी रछपाल सिंह व उसकी पत्नी जगदीश कौर के रूप में हुई है।
पीओ स्टाफ के इंचार्ज एसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि उक्त दंपति के खिलाफ 11 फरवरी 2004 में थाना सिटी कोटकपूरा में दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज हुआ था। केस की सुनवाई के दौरान गैर हाजिर होने की वजह से अदालत ने 21 जुलाई 2007 को इनकी जमानत रद्द कर दी थी और इन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए थे।
अदालत के आदेश पर इन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही थी कि यह दंपति अदालत के नायब कोर्ट को चकमा देकर फरार हो गया। इसके चलते इनके खिलाफ थाना कोतवाली में एक आपराधिक केस दर्ज किया गया था। दोनों केसों में भगोड़े चल रहे उक्त दंपति को पीओ स्टाफ ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।