धर्मकोट में पड़ते गांव कोट सदर खां के पास ट्रक और नर्सिंग कॉलेज की बस की टक्कर में सात छात्राएं घायल हो गईं। उनकको कोट ईसेखां सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। एक महिला की हालत गंभीर होने से उसे गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल फरीदकोट रेफर किया गया।
थाना धर्मकोट प्रमुख इंस्पेक्टर सतविंदर सिंह विर्क ने बताया कि भाई कन्हैया नर्सिंग कॉलेज धर्मकोट की बस शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे विद्यार्थियों को लेकर जा रही थीं। इस दौरान गांव कोट सदर खां के पास कॉलेज बस और ट्रक में टक्कर हो गई। इस हादसे में बस में सवार मनप्रीत कौर समेत 7 छात्राएं घायल हो गईं। उन्हें कोट इसे खां सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
मनप्रीत कौर की हालत गंभीर होने से उसे गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल फरीदकोट रेफर किया गया है। पुलिस के मुताबिक भाई कन्हैया नर्सिंग कालेज, धर्मकोट की बस को सुखवंत सिंह और ट्रक को बीरा सिंह चला रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।