दंपति की खुदकुशी में नामजद गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट। थाना सदर पुलिस ने गांव ढुड़ी में दो माह के अंतराल में पति व पत्नी के आत्महत्या करने के मामले में नामजद गांव के ही एक नौजवान को गिरफ्तार कर लिया है। गांव की महिला राजप्रीत कौर ने करीब दो माह पहले आत्महत्या कर ली थी और बीती 2 जून को उसके पति अमृतपाल सिंह ने भी जहरीली दवा पीकर जान दे दी थी। इस मामले में पुलिस ने 3 जून को गांव के ही नौजवान सोनू कुमार कटारिया के खिलाफ आत्महत्या को मजबूर करने के आरोप में नामजद गया किया था।
जांच अधिकारी एएसआई वकील सिंह ने बताया कि अमृतपाल सिंह के भाई सुखपाल सिंह पालू मान ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के मुताबिक आरोपी सोनू कटारिया उनके घर से हर रोज दूध लेकर जाता था। इसी दौरान सोनू के उसके भाई अमृतपाल सिंह की पत्नी राजप्रीत कौर के साथ संबंध कायम हो गए। इसी बात से परेशान होकर दो माह पहले राजप्रीत कौर ने खुदकुशी कर ली थी।
परिवार की बदनामी के डर से उन्होंने इस बारे में किसी को नहीं बताया और ना ही कोई शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता के मुताबिक बीती 2 जून को उसका भाई अमृतपाल सिंह काफी परेशान था, जिसके बारे में पूछने पर उसने बताया कि सोनू अक्सर ही उसे रास्ते में रोक कर कह रहा है कि उसके मेरी पत्नी के साथ अवैध संबंध थे और तुमने मेरा क्या बिगाड़ लिया। इसी बात से परेशान होकर अमृतपाल सिंह ने जहरीली दवा पीकर जान दे दी है। जांच अधिकारी एएसआई ने बताया कि केस दर्ज होने के बाद फरार चल रहे आरोपी को काबू कर लिया है।
-------