महिला कार चालक ने डॉ. की पत्नी को कुचला, मौत
चार लोग घायल, ज्योति चौक पर हुआ हादसा
पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। जिले के सबसे व्यस्त ज्योति चौक में महिला कार चालक से कार बेकाबू हो गई। महिला ने ब्रेक के स्थान पर रेस को दबा दिया। इससे एक महिला की कुचलकर मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए। महिला कार चालक ने एक साथ कई वाहनों को टक्कर मारी और बाद में एक सरकारी वाहन से टकराकर रुक गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार चालक महिला विमल को हिरासत में ले लिया है। उसके खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार विमल (45) फॉक्सवैगन की टिगूयान कार में ज्योति चौक की तरफ आ रही थी। अचानक बेकाबू कार ने दो गाड़ियों बुलेट और दो एक्टिवा सवारों को टक्कर मार दी। कार चालक ने दवा लेकर पैदल आ रही महिला को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई। 4 से 5 लोग घायल हो गए। मृतका की पहचान सिफ्ती बेगम पत्नी एमडी खालिद के तौर पर हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रत्यक्षदर्शी अमरजीत ने बताया कि उक्त कार चालक महिला पीछे से ही कई वाहनों को टक्कर मारती हुई आई थी। अचानक कार ने पैदल जा रही महिला को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया।